कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति-पत्नी सहित बालिका घायल
भादसोड़ा,चित्तोड़गढ़।
भादसोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम नपानिया ब्रिज के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दंपती और एक बालिका घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के अनुसार गडरियावास, नाथीखेड़ा निवासी मंजू (40) पत्नी सूरजमल बंजारा गुरुवार को मंगलवाड़ के समीप आगमपुरा स्थित अपने रिश्तेदार बहादुर बंजारा के यहां गई थीं। लौटते समय बहादुर बंजारा (50), उनकी पत्नी लच्छीबाई बंजारा, 13 वर्षीय राधा तथा मंजू एक ही मोटरसाइकिल से नाथीखेड़ा की ओर आ रहे थे। नपानिया ब्रिज से पहले उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहे एक कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मंजू सड़क पर गिरकर कंटेनर की चपेट में आ गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहादुर बंजारा, लच्छीबाई और राधा घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थाना अधिकारी अक्षय कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहीं मंजू बंजारा के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडफिया स्थित उप जिला चिकित्सालय भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





