संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत का मामला, एक माह बाद कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा गया।

SHARE:

संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत का मामला, एक माह बाद कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा गया

बीकापुर-अयोध्या। कोतवाली क्षेत्र के भदेसर खजुरहट गांव में करीब एक माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 13 वर्षीय किशोरी की मौत के मामले में प्रशासन ने शवोउत्खनन की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। किशोरी के पिता ने पुत्री की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।भदेसर खजुरहट निवासी निरंजन पुत्र हरीराम ने आरोप लगाया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री करिश्मा की 6 मई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। उस समय वह रोजी-रोटी के सिलसिले में कोलकाता में मजदूरी कर रहे थे। उनका कहना है कि पुत्री की मौत की सूचना उन्हें नहीं दी गई और अगले ही दिन पड़ोसियों द्वारा शव को गांव में ही घर के पास दफना दिया गया। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी पुत्री के साथ कोई अनहोनी हुई है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना आवश्यक है।पीड़ित पिता ने इस संबंध में कोतवाली पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक तथा जिलाधिकारी से शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार सुबह प्रशासनिक, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और कब्र से शव निकालने की कार्रवाई की गई।
एसडीएम श्रेया के नेतृत्व में तहसील प्रशासन ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा। इस दौरान तहसीलदार दिनेश कुमार, नायब तहसीलदार रामखेलावन, क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह, सीएचसी बीकापुर के चिकित्सक डॉ. अमित कुमार तथा कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।शवोउत्खनन की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भी उत्सुकता बनी रही। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर शवोउत्खनन कराया गया है। शव का पैनल से पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment