पर्यटकीय सुविधाओं के विकास की दिशा में बड़ा कदम: मुख्य कार्यपालक अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया निरीक्षण।
संजय यादव,अयोध्या।
पर्यटन को बढ़ावा देने और धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के उद्देश्य से अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद अयोध्या के बीकापुर तहसील अंतर्गत स्थित भरत तपोस्थली, भरत कुण्ड, ऋषभदेव जैन मंदिर तथा संत रविदास मंदिर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उनके साथ संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी पी.एन. सिंह, यू.पी.पी.सी.एल. के अवर अभियंता दीपांशु एवं लोकेश, वैयक्तिक सहायक कमल भटनागर, स्थानीय गणमान्य नागरिक श्री अंजनी कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने जानकारी दी कि भरत कुण्ड धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यहाँ पर पिण्डदान के लिए देशभर से श्रद्धालु आते हैं, विशेषकर गया जी की यात्रा की शुरुआत यहीं से होती है। भरत गुफा में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इस स्थल के विकास से न केवल पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी शर्मा ने अवर अभियंता को निर्देश दिए कि भरत कुण्ड के बीचोंबीच एक ए.आर.सी. टाइप ब्रिज, राम-भरत मिलन की प्रतिमा, वाटर प्यूरिफिकेशन सिस्टम, इनलेट-आउटलेट की व्यवस्था, भरत जी की चरण पादुका की स्थापना तथा लेजर शो जैसे पर्यटकीय कार्यों के लिए प्रारंभिक आगणन तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत किया जाए।
इसके पश्चात श्री शर्मा ने ऋषभदेव जैन मंदिर का निरीक्षण कर संत ऋषभदेव जी के जीवन पर आधारित लाइट एंड साउंड शो के लिए भी प्रारंभिक आगणन तैयार करने के निर्देश दिए।अंत में, संत रविदास मंदिर का निरीक्षण कर उन्होंने यात्री निवास के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





