कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई ईद की नमाज, बच्चों में बांटी गई टॉफी और चॉकलेट।
संजय यादव
अयोध्या।
ईद उल फितर के अवसर पर कड़ी सुरक्षा के बीच ईद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। शहर के प्रमुख ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए ईद की नमाज अदा की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। ईदगाह में डीएम, आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार और एसएसपी राजकरण नैययर ने खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर निगरानी की। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही थी। नमाज के बाद प्रशासन ने बच्चों को टॉफी और चॉकलेट वितरित की, जिससे माहौल और भी सौहार्दपूर्ण बना।
नमाज के बाद नमाजियों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। इसके अलावा, समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्य मंत्री पवन पांडे, सांसद अवधेश प्रसाद, जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव और अन्य नेताओं ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और साम्प्रदायिक सौहार्द को प्रोत्साहित किया।
वहीं, शिया समुदाय ने भी ईद की नमाज अदा की। चौक स्थित मस्जिद हसन रजा खां में मौलाना मोहम्मद मोहसिन ने नमाज अदा कराई और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। इमामबाड़ा जवाहर अली खां की जामा मस्जिद में पेश इमाम अहमद अली आब्दी ने भी नमाज कराई, जहां बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग मौजूद थे।सभी मस्जिदों में सुन्नी और शिया समुदाय के लोगों ने एक साथ ईद की नमाज अदा की और देश में भाईचारे, अमन और शांति की दुआएं की। इस दिन की विशेषता रही कि दोनों समुदायों ने मिलकर एकजुटता और प्रेम का संदेश दिया, जिससे अयोध्या में सामाजिक सौहार्द का वातावरण और मजबूत हुआ।
Author: Rainbow News Hindustan
Mo.9414526432





