श्रीश्याम राम किशोर कुंज ठकुराइन मंदिर में भव्य झूलनोत्सव, संत-महंतों का हुआ स्वागत एवं सम्मान।

SHARE:

श्रीश्याम राम किशोर कुंज ठकुराइन मंदिर में भव्य झूलनोत्सव, संत-महंतों का हुआ स्वागत एवं सम्मान
अयोध्या।
हनुमानगढ़ी स्थित श्रीश्याम राम किशोर कुंज ठकुराइन मंदिर में सावन मास के पावन अवसर पर भव्य झूलनोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। मंदिर परिसर में भगवान के दिव्य झूले का भव्य श्रृंगार कर उन्हें झूले पर विराजमान कराया गया। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
झूलनोत्सव की इस प्राचीन परंपरा को महंत डॉ. महेश दास महाराज पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके गुरुदेव एवं हनुमानगढ़ी के गद्दीनशीन श्री श्री 1008 महंत प्रेम दास जी महाराज के नेतृत्व में वर्ष 1994 में इस झूलनोत्सव की परंपरा का शुभारंभ किया गया था। तब से यह आयोजन निरंतर श्रद्धा और भव्यता के साथ होता आ रहा है।
महंत डॉ. महेश दास महाराज ने कहा कि गुरुदेव द्वारा शुरू की गई धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। झूलनोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अयोध्या की समृद्ध संत परंपरा और सनातन संस्कृति की जीवंत पहचान है। आने वाली पीढ़ियों तक इन परंपराओं को पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में अयोध्या के अनेक संत-महंत एवं श्रद्धालु शामिल हुए। महंत डॉ. महेश दास महाराज ने सभी संत-महंतों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का ऐसा वातावरण बना रहा कि पूरा क्षेत्र भगवान के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने झूले पर विराजमान भगवान के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। आयोजन ने एक बार फिर अयोध्या की सनातन धार्मिक परंपराओं की भव्यता और संतों की विरासत को उजागर किया।

Rainbow News Hindustan
Author: Rainbow News Hindustan

Mo.9414526432

Leave a Comment